breakingPunjab

अमृतसर में 55 करोड़ के घोटाले की जांच में लापरवाही, विजिलेंस के SSP लखबीर सिंह सस्पेंड

27.दिसंबर.अमृतसर: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो में उस समय हड़कंप मच गया, जब 55 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच में लापरवाही के आरोपों को लेकर अमृतसर में तैनात विजिलेंस के एसएसपी लखबीर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। यह सख्त कार्रवाई एक आईएएस अधिकारी की शिकायत के बाद की गई बताई जा रही है। हालांकि, अब तक उच्च अधिकारियों की ओर से सस्पेंशन के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, 55 करोड़ रुपये के एक बड़े घोटाले की जांच में गंभीर खामियां और लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है। बताया जा रहा है कि जांच प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे, जिसके बाद मामले की शिकायत उच्च स्तर तक पहुंची। इसके बाद विजिलेंस विभाग ने पूरे प्रकरण की समीक्षा की और प्रारंभिक जांच के आधार पर एसएसपी को सस्पेंड करने का फैसला लिया गया।

सस्पेंशन के साथ ही लखबीर सिंह के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और खुलासे हो सकते हैं।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज है। विजिलेंस विभाग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच को पूरी पारदर्शिता के साथ अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

फिलहाल, एसएसपी लखबीर सिंह के सस्पेंशन के बाद अमृतसर विजिलेंस कार्यालय में नए प्रभार की व्यवस्था की जा रही है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *