Punjab

अस्पताल में सिगरेट पीते अनंत सिंह का वीडियो वायरल

19..jan.पटना के IGIMS अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाहुबली नेता और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह कथित तौर पर अस्पताल परिसर में सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उस समय का है, जब अनंत सिंह स्वास्थ्य कारणों के चलते बेउर जेल से नियमित मेडिकल चेकअप के लिए IGIMS लाए गए थे।

वायरल वीडियो में अनंत सिंह अस्पताल के एक कमरे में आराम से बैठे दिखाई देते हैं और उनके हाथ में सिगरेट नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। नियमों के अनुसार अस्पताल परिसर में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है, ऐसे में एक कैदी द्वारा सिगरेट पीने का दृश्य कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।

अनंत सिंह फिलहाल बेउर जेल में बंद हैं और समय-समय पर इलाज के लिए उन्हें अस्पताल लाया जाता रहा है। सूत्रों के मुताबिक, उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण चल रहा है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि आधिकारिक तौर पर अभी नहीं की गई है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे जेल प्रशासन की लापरवाही बता रहे हैं, तो कुछ अस्पताल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।

मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की जा सकती है और यह जांच की जाएगी कि वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया। यदि वीडियो सही पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई भी हो सकती है।

फिलहाल, इस पूरे मामले पर जेल प्रशासन या IGIMS प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर वीआईपी कैदियों को मिलने वाली सुविधाओं और नियमों के पालन को लेकर बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *