कंगना रनौत ने किए ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन, आध्यात्मिक अनुभव से हुईं अभिभूत
25.दिसंबर..इंदौर/खंडवा। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने हाल ही में मध्य प्रदेश स्थित पवित्र ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। दर्शन के बाद कंगना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह मंदिर की दिव्य ऊर्जा, कंपन और जीवंतता से पूरी तरह मंत्रमुग्ध हो गईं। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रवेश करते ही एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभूति हुई, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
कंगना ने कहा, “कल ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। इसकी कंपन और जीवंतता ने मुझे चकाचौंध कर दिया। वहां के पुजारी ने मुझे इस पवित्र स्थल का इतिहास बताया, जिसे सुनकर मैं और भी भावुक हो गई। अब तक उसके प्रभाव से बाहर नहीं आ पाई हूं।” उन्होंने अंत में “हर हर महादेव” का जयघोष भी किया।

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और नर्मदा नदी के तट पर स्थित है। यह स्थान न केवल धार्मिक बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। कंगना की इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें और बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जहां उनके प्रशंसक उनके इस आध्यात्मिक रूप की सराहना कर रहे हैं।

कंगना अक्सर अपनी बेबाक राय और सांस्कृतिक विरासत के प्रति लगाव को लेकर चर्चा में रहती हैं। इस यात्रा ने एक बार फिर उनके आध्यात्मिक झुकाव को उजागर किया है।

