कबड्डी प्रमोटर राणा हत्याकांड: मुख्य आरोपी गैंगस्टर करन पुलिस एनकाउंटर में मारा गया
17..jan..पंजाब के मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आज सुबह पुलिस एनकाउंटर में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी करण पाठक उर्फ करन डिफॉल्टर को मार गिराया गया। यह एनकाउंटर खरड़, मोहाली इलाके में हुआ, जहाँ आरोपी ने पुलिस को गोली मारने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गंभीर रूप से घायल किया गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
करण पाठक 23 वर्ष का था और अमृतसर का निवासी बताया जा रहा है। पहले वह पुलिस हिरासत में था, लेकिन शुक्रवार रात छूटने की कोशिश की और भाग गया। पुलिस ने पूरे मोहाली में उसकी तलाश के लिए शिकंजा कसा हुआ था। जैसे ही सुबह पुलिस बल ने उसे पहचानने के बाद रोकने का प्रयास किया, उसने हथियार से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद करन की मौके पर हालत गंभीर होने पर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया।
यह हत्या मामला 15 दिसंबर 2025 को तब सुर्खियों में आया था जब राणा बलाचौरिया को मोहाली के सोहना इलाके में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान दो अज्ञात युवाओं ने सेल्फी का बहाना कर करीब से गोली मार दी थी। इस हमले से कबड्डी जगत में गहरा सदमा पहुँचा था और पूरे मामले की जांच पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक यह हत्या लंबे समय से योजनाबद्ध थी और अलग-अलग राज्यों में आरोपी भागते रहे। पंजाब पुलिस ने पहले भी इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें करन के साथ तारनदीप सिंह और अन्य सहयोगी शामिल हैं। अभी भी कुछ आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। इस एनकाउंटर को गैंगस्टर गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई और हत्या के पीछे की साजिश को उजागर करने की दिशा में अहम कदम बताया जा रहा है।



