गाजियाबाद में मासूम की हत्या से सनसनी
13…jan..गाजियाबाद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मासूम बच्ची की उसके ही माता-पिता ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार बच्ची खेलते-खेलते नाले में गिर गई थी, जिससे उसके कपड़े गंदे हो गए थे। इसी बात को लेकर माता-पिता को इतना गुस्सा आ गया कि उन्होंने बेरहमी से बच्ची की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना गाजियाबाद के एक रिहायशी इलाके की बताई जा रही है। मृत बच्ची की उम्र करीब 6 वर्ष बताई जा रही है। आसपास के लोगों के मुताबिक बच्ची अक्सर घर के बाहर खेला करती थी। घटना वाले दिन भी वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह पास के नाले में गिर गई। जब वह घर लौटी तो उसके कपड़े पूरी तरह कीचड़ से सने हुए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची के पिता अकरम और उसकी सौतेली मां निशा परवीन ने इस बात पर आपा खो दिया और बच्ची की जमकर पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने पहले इसे सामान्य बताया, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने पर बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बच्ची के पिता अकरम और सौतेली मां निशा परवीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में गुस्से और शोक का माहौल है, वहीं मासूम की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


