फिर इस इलाके में गोलियों चलने से दहशत ,प्रवासी मजदूरों पर फायरिंग, दो की हालत नाजुक

10,फरवरी पंजाब के मोगा जिले में मंगलवार को उस समय दहशत फैल गई जब जीरा रोड स्थित एक सेलर के पास प्रवासी मजदूरों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस सनसनीखेज घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोलीबारी की आवाज से पूरा इलाका सहम उठा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जीरा रोड पर स्थित एक सेलर में काम करने वाले 7 से 8 प्रवासी मजदूर काम खत्म कर अपने किराये के कमरे की ओर रोटी खाने जा रहे थे। जैसे ही मजदूर सेलर से कुछ दूरी पर पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और मजदूरों पर कई राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई फायरिंग से मजदूर इधर-उधर भागने लगे, लेकिन दो मजदूर गोलियों की चपेट में आ गए।

घायलों की पहचान अशोक कुमार और सुबोध माझी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर पल्लेदारी का काम करते थे और मूल रूप से प्रवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इस बीच इस हमले को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। सोशल मीडिया पर लाडी भलवान और निरवेर सिंह नामक व्यक्तियों ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने गोलियां चलाते हुए एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें प्रवासी मजदूरों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
