घने कोहरे में दर्दनाक हादसा, पांच की मौत
17..jan..पंजाब में इन दिनों घने कोहरे का कहर लगातार जारी है, जिससे सड़क हादसों में इजाफा हो रहा है। इसी कड़ी में आज सुबह बठिंडा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बठिंडा में नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला कांस्टेबल सहित पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पहुंचे लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
यह दर्दनाक हादसा बठिंडा जिले के गांव गुढ़तड़ी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर की कोशिशों के बाद पुलिस ने सभी शवों को बाहर निकाला। मृतकों में एक महिला कांस्टेबल भी शामिल है, जो गुजरात की रहने वाली बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक गुजरात से फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर पंजाब आ रहे थे। शुरुआती जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, गति सीमित रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।


