breakingCrimePunjab

घरेलू विवाद से परेशान महिला ने लगाया फंदा, परिवार ने पति पर लगाए मारपीट के आरोप

24 फ़रवरी : पृथ्वी नगर में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मनप्रीत कौर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवा दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मनप्रीत कौर की शादी करीब दस वर्ष पहले पृथ्वी नगर निवासी हैप्पी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद रहता था, जिससे वह पिछले कुछ समय से परेशान चल रही थी। परिजनों का कहना है कि उसने अपनी परेशानी खुलकर किसी से साझा नहीं की।मृतका की मां सवरण कौर ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति उस पर मारपीट करता था। उन्होंने बताया कि कई बार बेटी ने इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में बैठकर समझौता करवा दिया जाता था। परिजनों के अनुसार बीती रात मनप्रीत का फोन आया था,

जिसमें उसने कथित तौर पर मारपीट की बात कही और मायके ले जाने को कहा। सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।मृतका के चाचा जरनैल सिंह ने भी आरोप लगाया कि मनप्रीत का पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी गई है और न्याय की मांग की गई है।वहीं, परिवार के अन्य सदस्य बलबीर बिट्टू ने कहा कि पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था और दामाद शराब का आदी था। हालांकि उन्होंने कहा कि देर रात किसी विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी। घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद थे, जबकि पति काम पर गया हुआ था।पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *