Punjab

जालंधर में देर रात जोमैटो डिलीवरी बॉय से हथियारबंद लूट, युवक घायल”

13…jan..जालंधर में लगातार बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं के बीच सोढल चौक के पास देर रात जोमैटो डिलीवरी बॉय से हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए, जबकि पीड़ित युवक घायल हो गया। देर रात करीब 12:30 बजे किशनपुरा निवासी जोमैटो डिलीवरी बॉय राजन शर्मा ड्यूटी खत्म कर सोढल मार्ग से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह सोढल चौक के नजदीक पहुंचा, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने तेजधार हथियार उसकी गर्दन पर रखकर जान से मारने की धमकी दी और उसका बैग छीन लिया। तलाशी के दौरान जब बदमाशों को तुरंत नकदी नहीं मिली तो उन्होंने राजन के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।

पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी मेहनत की कमाई के 2000 रुपए मोबाइल कवर के पीछे छुपाकर रखे थे। इसके बाद में आरोपियों को नकदी और मोबाइल मिल गया, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित दहशत में आ गया और राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना नंबर-8 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *