जालंधर: Hotel Mariton विवाद में दुआ परिवार के 5 सदस्यों पर केस, सभी फरार

Hotel Mariton में हिस्सेदारी और कथित धार्मिक अपमान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है, जिसमें दुआ परिवार के पांच सदस्यों पर धारा 295-A के तहत केस दर्ज हुआ है।जालंधर में स्थित Hotel Mariton में पार्टनरों के बीच हुई हाथापाई का मामला अब और गरमा गया है। बीते दिन होटल के पार्टनर डॉ. परमजीत मरवाहा और यशपाल दुआ ने पुलिस को अपनी-अपनी शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में पेश होने के लिए कहा था। पुलिस ने इस मामले में यशपाल दुआ, गुलशन दुआ, उमेश दुआ, शिवी दुआ सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295-A के तहत केस दर्ज किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य किए गए। केस दर्ज होने के बाद दुआ परिवार के सदस्य पुलिस के सामने पेश नहीं हुए और उनके फरार होने की सूचना है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
डॉ. मरवाहा के मुताबिक, होटल के कुल छह मालिक हैं। उनका दावा है कि उनकी 36 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि 15 प्रतिशत हिस्सेदारी वाले अन्य पार्टनर उनके साथ हैं। इस तरह वह 51 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ होटल के एमडी का कार्यभार संभाल रहे हैं। उनका आरोप है कि 5 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले यशपाल दुआ अपनी शर्तें थोपना चाहते थे। जब उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो कथित रूप से शराब के नशे में मारपीट की गई, पगड़ी उतारी गई और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्द कहे गए। डॉ. मरवाहा ने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस के साथ-साथ श्री अकाल तख्त साहिब और विभिन्न सिख संगठनों को भी भेजी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्ष अपने-अपने आरोपों पर कायम हैं और मामला कानूनी व सामाजिक स्तर पर गंभीर रूप ले चुका है।

