तेज रफ्तार कार की ट्रक से टक्कर, तीन की मौत, एक गंभीर घायल
9..jan..इंदौर में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रखर बच्चन, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल और मनसिंधु नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार चौथी युवती अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी युवक-युवतियां प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। देर रात कार तेज गति में थी, इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद शहर में शोक की लहर है, वहीं राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।


