दिल्ली विधानसभा सत्र पर बोले मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा
5..jan.दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने नए साल के पहले विधानसभा सत्र को अहम बताते हुए कहा कि यह सत्र कई मायनों में ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल आज सदन में अपने संबोधन के माध्यम से सरकार की दिशा और प्राथमिकताओं को स्पष्ट करेंगे। सिरसा ने कहा कि यह सत्र न सिर्फ सरकार के लिए बल्कि दिल्ली की जनता के लिए भी महत्वपूर्ण है।
मंत्री सिरसा ने रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 11 महीनों में सरकार ने ऐसे कई काम किए हैं, जिन्हें पिछली 11 साल की सरकारें करने में असफल रहीं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने विकास, प्रशासनिक सुधार और पारदर्शिता के क्षेत्र में ठोस कदम उठाए हैं, जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है।
उन्होंने प्रदूषण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इस गंभीर समस्या पर सदन में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। सिरसा ने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में आम आदमी पार्टी की सरकार और उससे पहले कांग्रेस की सरकार ने प्रदूषण जैसी “बीमारी” दिल्ली को दी, जिसका खामियाजा आज आम नागरिक भुगत रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके साथ ही मंत्री ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट और तथाकथित “शीशमहल” से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी मामलों की पूरी जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही ही सुशासन की पहचान है और सरकार इस दिशा में पूरी ईमानदारी से काम कर रही है।

