India

देहरादून के सहस्त्रधारा में बादल फटा, टपकेश्वर मंदिर डूबा, कई लापता – राहत कार्य जारी

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में सोमवार देर रात बादल फटने से हड़कंप मच गया। अचानक आई भारी बारिश से तमसा नदी उफान पर आ गई। बाढ़ में दो लोग लापता हो गए और कई वाहन बह गए। स्थिति को देखते हुए जिले में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

बाढ़ का असर टपकेश्वर महादेव मंदिर पर भी पड़ा। पुजारी ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और पूरा मंदिर पानी में डूब गया। कई मूर्तियां बह गईं, हालांकि गर्भगृह सुरक्षित रहा। पानी घटने के बाद मंदिर परिसर में करीब 2 फीट तक मलबा जमा पाया गया।

हिमाचल में भी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के धर्मपुर बस स्टैंड में रातभर हुई तेज बारिश से मलबा भर गया। यहां कई बसें बहकर दूर तक चली गईं। राज्य में 3 नेशनल हाईवे बंद हैं और 493 सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप हो चुका है।

महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात

महाराष्ट्र में भी भारी बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी है। मुंबई में रेलवे ट्रैक, सब-वे और सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं बीड जिले में फंसे 11 ग्रामीणों को वायुसेना ने सुरक्षित एयरलिफ्ट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *