breakingPunjab

दोराहा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, SHO बाल-बाल बचे

19..jan..लुधियाना जिले के खन्ना के दोराहा इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात जोरदार मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग की, जबकि पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोराहा थाना के एसएचओ आकाश दत्त को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण वे बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सीधे एसएचओ की छाती को निशाना बनाकर गोली चलाई थी। गोली बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। बदमाशों की गोलियां पुलिस की सरकारी गाड़ी को भी लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मामले की जानकारी देते हुए खन्ना के एसपी पवनजीत चौधरी ने बताया कि पुलिस को ‘इरादा-ए-कत्ल’ के मामले में वांछित अपराधी हरसिमरन सिंह मंड की इलाके में मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार हरसिमरन सिंह मंड और उसका साथी एवनजोत सिंह भंडाल पुलिस को देखकर भागने लगे।

भागने के प्रयास में बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी हरसिमरन सिंह मंड की टांग में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी हरसिमरन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने बताया कि हरसिमरन के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

इस मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *