धागों और चुनरी से फैली आग, नए साल पर मंदिर परिसर में मचा हड़कंप

1,JANUARY अंबिकापुर स्थित मां महामाया मंदिर परिसर में सोमवार सुबह नए वर्ष के अवसर पर आग लगने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार यह आग भक्तों की लापरवाही के चलते लगी। मन्नत के लिए बांधे गए धागे और चुनरी में आग फैल गई, जिससे मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। मंदिर प्रबंधन और मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और कुछ ही समय में आग पर नियंत्रण पा लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए भय और अफरा-तफरी का माहौल रहा। नए वर्ष के मौके पर सुबह से ही मां महामाया के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा हुआ था। प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन के दौरान सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें।

