धुंध के कारण जालंधर-लुधियाना हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, दो बसें और ट्रक क्षतिग्रस्त

22,DECEMBER,2025 JALANDHAR : जालंधर-लुधियाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना सुबह करीब सात बजे पीएपी चौक से पीछे इंडियन ऑयल डिपो के पास फ्लाईओवर पर हुई, जहां एक ट्रक से टकराकर दो बसें आपस में भिड़ गईं। हादसे में पंजाब रोडवेज के दो अधिकारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार इंडियन ऑयल डिपो से तेल लोड कर एक ट्रक फ्लाईओवर की ओर चढ़ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही पंजाब रोडवेज जालंधर डिपो-1 की बस को घनी धुंध के कारण ट्रक का सही अंदाजा नहीं लग पाया और बस ट्रक से जा टकराई। टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही नरवाल ट्रांसपोर्ट की बस भी रोडवेज बस से टकरा गई।
हादसे के बाद दोनों बसें और ट्रक सड़क के बीचोंबीच क्षतिग्रस्त हालत में खड़े हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बसों में ज्यादा सवारियां नहीं थीं, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

