Punjab

नशीले पदार्थों के विवाद में जीजा ने चलाई गोली, साले के हाथ में लगी; दोनों फरार

गढ़ा स्थित गुरु दीवान नगर में गुरुवार देर रात नशीले पदार्थों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। करीब नौ बजे जीजा-साले के बीच हुई बहस अचानक गोलीकांड में बदल गई। आरोप है कि जीजा ने पहले एक गोली हवा में चलाई और दूसरी गोली अपने साले अमरजीत के हाथ में मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद घायल व आरोपी दोनों मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना नंबर सात की पुलिस और एसीपी आतिश भाटिया मौके पर पहुंचे। लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिसमें कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। देर रात पुलिस ने पूछताछ के लिए संतोष और फिरोज नामक दो युवकों को हिरासत में लिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना से पहले दोनों एक-दूसरे पर करीब तीन लाख रुपये के नशीले पदार्थ छीनने का आरोप लगाकर झगड़ रहे थे। गोली चलने का कारण भी इसी बहस को माना जा रहा है।

एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि अभी तक गोली का खोल बरामद नहीं हुआ है और न ही किसी ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास के अस्पतालों में भी जांच कर रही है ताकि घायल अमरजीत का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामला नशा कारोबार से जुड़ा है अथवा किसी अन्य विवाद का नतीजा — इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *