Punjab

नेशनल हाईवे-44 पर बड़ा हादसा टला, कार डिवाइडर से टकराई


20..jan..जालंधर के फिल्लौर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार एक काले रंग की कार में सवार परिवार के सदस्य फिल्लौर में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। कार में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे।

हादसा उस समय हुआ जब कार आर्मी कैंप के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे एक वाहन की तेज़ रोशनी अचानक ड्राइवर की आंखों में पड़ गई, जिससे उसे आगे सड़क स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दी। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं, हालांकि घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।

सड़क सुरक्षा फोर्स ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क के किनारे करवाया और हाईवे पर यातायात को सुचारु रूप से बहाल किया। कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित हुआ, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से जल्द ही आवागमन सामान्य कर दिया गया।

मामले की जानकारी देते हुए एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि कार में सवार लोग बलाचौर साइड से फिल्लौर विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय तेज़ रोशनी और तेज़ रफ्तार से बचें तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *