Uncategorized

फरीदाबाद में लिफ्ट के बहाने चलती कार में दुष्कर्म, सड़क किनारे फेंकी गई पीड़िता

31..दिसंबर..हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां देर रात सहेली के घर जाने के लिए निकली एक युवती के साथ लिफ्ट देने के बहाने चलती कार में दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि दो युवकों ने पहले भरोसा जीतकर युवती को कार में बैठाया और फिर फरीदाबाद–गुरुग्राम रोड पर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

पीड़िता के अनुसार, वह देर रात अपनी सहेली के घर जाने के लिए निकली थी। रास्ते में दो युवकों ने कार रोककर उसे लिफ्ट देने की पेशकश की। शुरुआत में युवती को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ और वह कार में बैठ गई। लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपियों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

जब युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद दोनों युवकों ने चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

किसी तरह पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, पीड़िता को सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर रात के समय अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *