बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों को लेकर कांग्रेस का सरकार पर सवाल, पवन खेड़ा ने जताई चिंता
26.दिसंबर..दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित हमलों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश में लगातार हिंदुओं को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं, जो न केवल मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हैं, बल्कि भारत के लिए भी चिंता का विषय हैं।
पवन खेड़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं और ये चिंता का विषय है। सरकार क्या कदम उठा रही है या सरकार कैसे बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को तलब कर रही है, इस बात की हमें जानकारी नहीं है। लेकिन यह बहुत ही गंभीर विषय है।” उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर स्पष्ट और ठोस रुख अपनाने में विफल रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत हमेशा से क्षेत्र में शांति, सद्भाव और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का पक्षधर रहा है। ऐसे में बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाओं पर चुप्पी साधना सही नहीं है। उन्होंने मांग की कि भारत सरकार को कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से बात करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा हो।
पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि अगर भारत सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं उठाती है, तो इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गलत संदेश जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार ने इस मामले में बांग्लादेश से कोई आधिकारिक रिपोर्ट मांगी है या वहां भारतीय दूतावास के माध्यम से स्थिति की समीक्षा की जा रही है।
इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह संसद को इस विषय पर जानकारी दे और बताए कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए भारत ने अब तक क्या कदम उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि मानवता और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़ा गंभीर सवाल है।

