मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शॉर्ट सर्किट, मचा हड़कंप
15..jan..लखनऊ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह घटना उस समय हुई जब मायावती मीडिया को संबोधित कर रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल की छत में लगी एक लाइट में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी और हल्का धुआं निकलने लगा, जिसे देखते ही मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मी तुरंत अलर्ट हो गए। आग की आशंका को देखते हुए सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के तहत तुरंत कार्रवाई की गई।
सुरक्षा कर्मियों ने बिना समय गंवाए मायावती को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी की और कार्यक्रम स्थल की जांच शुरू कर दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग ज्यादा नहीं फैली और किसी प्रकार की जनहानि या चोट की कोई सूचना नहीं है। तकनीकी स्टाफ और फायर सेफ्टी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस को रोक दिया गया। हॉल की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद की गई और शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में लाइट फिटिंग में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है। बसपा सूत्रों के अनुसार मायावती पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी तबीयत ठीक है। घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक कार्यक्रमों में फायर सेफ्टी और तकनीकी जांच की अहमियत को उजागर किया है।

