रुदौली रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, RPF की तत्परता से यात्री की बची जान
25.दिसंबर..अयोध्या जनपद के रुदौली रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस (15716) से उतरते समय एक यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन के पायदान तथा प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बीच फंस गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) चौकी रुदौली के इंचार्ज जितेंद्र यादव ने बिना देर किए हमराह कर्मियों के साथ तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास मौजूद यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया और ट्रेन को आगे बढ़ने से रोका गया। इसके बाद सबल मंगाकर प्लेटफॉर्म का एक हिस्सा सावधानीपूर्वक तोड़ा गया, ताकि फंसे हुए यात्री को बिना किसी अतिरिक्त चोट के बाहर निकाला जा सके।
लगभग आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस दौरान यात्री को चोटें आईं, लेकिन RPF की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई। घायल यात्री को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने RPF कर्मियों की सूझबूझ और साहस की सराहना की। रेलवे प्रशासन ने भी रेस्क्यू टीम की तत्परता की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना रेलवे स्टेशनों पर सतर्कता और त्वरित निर्णय की अहमियत को एक बार फिर उजागर करती है।



