विनय नगर में ए वन रबर फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान

5,DECEMBER JALANDHAR
विनय नगर क्षेत्र में स्थित ए वन रबर फैक्ट्री में शार्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल विभाग के अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम पर विनय नगर स्थित फैक्ट्री में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और एक बड़े हादसे को टाल दिया।
अधिकारी ने बताया कि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन फैक्ट्री में रखा रबर और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग से हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है, जिसकी वास्तविक कीमत फैक्ट्री मालिक ही बता सकते हैं। इस संबंध में जब फैक्ट्री मालिक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कोई भी पक्ष रखने से मना कर दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

