शाहजहांपुर कैफे कांड: छापेमारी के दौरान दूसरी मंज़िल से कूदे युवक-युवती
25..jan..उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर शहर में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कैफे में छापेमारी के दौरान युवक और युवती दूसरी मंज़िल की खिड़की तोड़कर नीचे कूद गए। यह घटना शहर के सदर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।.जानकारी के अनुसार युवक और युवती कैफे की दूसरी मंज़िल पर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान एक धार्मिक संगठन से जुड़े कार्यकर्ता अचानक कैफे में पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही कैफे में हड़कंप मच गया।.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छापेमारी के दौरान युवक और युवती घबरा गए। बाहर निकलने का रास्ता न मिलने पर दोनों ने दूसरी मंज़िल की खिड़की का शीशा तोड़ा और नीचे कूद गए। कूदने से दोनों को चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।.घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने संगठन के कार्यकर्ताओं की इस कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे कानून हाथ में लेने जैसा बताया। कुछ लोगों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी।.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल युवक और युवती के बयान दर्ज किए। मामले की जांच के बाद धार्मिक संगठन के 8 कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संगठन को इस तरह से निजी स्थानों पर छापेमारी करने का अधिकार नहीं है। कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का काम है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।.फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और कैफे संचालक से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


