सड़क सुरक्षा पर मुख्यमंत्री योगी की प्रदेशवासियों से अपील
12..JAN..लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक पाती लिखकर बढ़ते सड़क हादसों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं न केवल अनमोल जीवन छीन लेती हैं, बल्कि पूरे परिवार को आजीवन पीड़ा में डाल देती हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग को “जानलेवा लापरवाही” बताया है।
सीएम योगी ने अपनी पाती में लिखा कि आधुनिक जीवनशैली में मोबाइल हमारी जरूरत बन चुका है, लेकिन वाहन चलाते समय इसका इस्तेमाल खुद के साथ-साथ दूसरों की जान भी खतरे में डालता है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में सड़क हादसों के प्रमुख कारणों में तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग और मोबाइल पर बात करना या मैसेज करना शामिल है। इन कारणों से होने वाली दुर्घटनाओं में युवाओं की संख्या चिंताजनक रूप से अधिक है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन से पूरी तरह दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है।
सीएम योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चला रही है। यातायात जागरूकता कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेजों में प्रशिक्षण और कड़े कानूनी प्रावधानों के माध्यम से दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि सुरक्षित यात्रा केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। सभी के सहयोग से ही सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
