सेलिब्रिटी उद्योगपति की दबंगई: सड़क पर जन्मदिन का तमाशा, कानून बेबस
23 दिसंबर…गुजरात के सूरत शहर में कानून व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उद्योगपति दीपक इजारदार ने अपने बेटे के जन्मदिन को “शाही जश्न” में बदलने के लिए व्यस्त सड़क को ही जश्न का मंच बना डाला। आरोप है कि इजारदार ने बीच सड़क पर ट्रैफिक रुकवाया, पटाखे फोड़े और आम जनता को घंटों जाम में फंसा दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के दोनों ओर गाड़ियां फंसी हुई हैं, लोग परेशान हैं, लेकिन बीच सड़क पर जन्मदिन का जश्न धड़ल्ले से चल रहा है। पटाखों की तेज आवाज, धुआं और भीड़ ने हालात को और बिगाड़ दिया। हैरानी की बात यह है कि उद्योगपति दीपक इजारदार ने अपनी सफाई में खुद को “सेलिब्रिटी” बताते हुए कहा कि अगर उन्होंने सिर्फ पांच मिनट के लिए ट्रैफिक रोककर पटाखे फोड़े तो इसमें कौन सा बड़ा अपराध हो गया।
उनका यह बयान सोशल मीडिया पर आग में घी डालने जैसा साबित हुआ। आम लोगों का सवाल है कि क्या पैसे और रसूख के दम पर कानून से ऊपर उठा जा सकता है? क्या एक आम नागरिक ऐसा करता तो पुलिस उसी वक्त कार्रवाई नहीं करती?
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि आयोजक के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई हुई है या नहीं। जनता मांग कर रही है कि ऐसे रसूखदारों पर उदाहरण पेश करने वाली कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून को अपनी जेब में समझने की हिम्मत न कर सके।




