होली से पहले ट्रेनों में भीड़ का विस्फोट, वेटिंग 100 पार, ‘नो मोर बुकिंग’ की नौबत

जालंधर, 18 फरवरी। होली का पर्व चार मार्च को मनाया जाएगा, लेकिन त्योहार से पहले ही रेलगाड़ियों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। अधिकांश ट्रेनों की सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं और कई गाड़ियों में वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच गई है। कुछ ट्रेनों में तो वेटिंग की सीमा समाप्त होने के कारण “नो मोर बुकिंग” का विकल्प दिखाई दे रहा है, यानी अब उन ट्रेनों में आरक्षण बंद हो चुका है।नए नियमों के अनुसार वेटिंग टिकट वाले यात्री स्लिपर कोच में यात्रा नहीं कर सकते, जिससे उन्हें मजबूरन जनरल डिब्बों में सफर करना पड़ रहा है। जनरल कोच की हालत बेहद खराब है और यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है।स्थिति को और गंभीर बनाते हुए 22 रेलगाड़ियां पहले से ही रद्द चल रही हैं। जो ट्रेनें संचालित हो रही हैं, वे भी देरी से पहुंच रही हैं। सीटों की कमी और देरी के कारण यात्रियों की परेशानी दोगुनी हो गई है।

