जालंधर। शहर में अपराध पर लगाम कसने के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फोलड़ीवाल इलाके में मुठभेड़ के दौरान एक शूटर को घायल कर दिया। घायल आरोपी की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जो कौशल चौधरी गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, आकाश कुछ दिन पहले मोहाली में जिम मालिक की हत्या के मामले में वांछित था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने मोहाली के अलावा जगरावां में भी फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था।गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फोलड़ीवाल इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आकाश घायल हो गया।घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद किए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।