महिला कोच का अश्लील वीडियो बनाने का आरोप, इंटरनेशनल वुशु खिलाड़ी पर केस
9…jan..वाराणसी में रहने वाले इंटरनेशनल वुशु खिलाड़ी सूरज यादव के खिलाफ मध्य प्रदेश के जबलपुर में गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक महिला वुशु कोच ने सूरज यादव पर अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के पति का भी कहना है कि आरोपी ने वीडियो भेजकर उनसे 10 लाख रुपये की मांग की।
पुलिस के अनुसार, महिला कोच और सूरज यादव की पहचान खेल गतिविधियों के दौरान हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। आरोप है कि इस दौरान सूरज यादव ने महिला के निजी पलों का वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया। बाद में उसी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई।
पीड़िता के पति का आरोप है कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक वीडियो भेजा गया, जिसमें उनकी पत्नी दिखाई दे रही थी। इसके साथ ही आरोपी ने 10 लाख रुपये न देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में आ गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद जबलपुर पुलिस ने आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के मोबाइल और डिजिटल डिवाइस की जांच की जा रही है, ताकि वीडियो से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, सूरज यादव की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।


