newsPunjab

27 वर्षीय युवक ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत

वन्दे भारत 24: लुधियाना। लुधियाना के नूरवाला रोड स्थित बसंत विहार इलाके में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 27 वर्षीय शमी सहगल ने खुद पर तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चंडीगढ़ रेफ़र किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, शमी की शादी डेढ़ साल पहले नेहा नामक युवती से हुई थी, जो मूल रूप से शिवपुरी की रहने वाली है। शादी के बाद से ही वह कई व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों से परेशान चल रहा था। उसकी मां का निधन करीब एक माह पहले हुआ था, वहीं कुछ दिन पहले बहन ने ससुराल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पिता का भी पहले ही देहांत हो चुका था। लगातार पारिवारिक त्रासदियों ने शमी को मानसिक रूप से तोड़ दिया था।

पत्नी नेहा पिछले कुछ समय से मायके में रह रही थी। बताया जाता है कि इन्हीं कारणों से परेशान होकर शमी ने आत्मदाह कर लिया।

ससुराल पक्ष के आरोप

घटना के बाद मृतक के ससुराल पक्ष ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेहा के पिता का कहना है कि थाना बस्ती पुलिस द्वारा शमी के मकान के कागजात और सोने के गहने थाने में जमा कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने मांग की है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, परिवार को न्याय नहीं मिलेगा।

पड़ोसियों की प्रतिक्रिया

पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने बताया कि शमी मिलनसार स्वभाव का था, लेकिन हाल के दिनों में पारिवारिक और आर्थिक संकट ने उसे भीतर से तोड़ दिया था।

जांच अधिकारी का बयान

जब इस मामले पर थाना बस्ती के जांच अधिकारी एएसआई बलकार सिंह से प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया। केवल इतना कहा कि “कुछ नहीं है” और तुरंत फोन काट दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *