रिहायशी इलाके में घुसा सांभर, दहशत का माहौल
19..jan.सर्दी और घने कोहरे के चलते जंगलों में भोजन की कमी होने पर जंगली जानवर अब शहरों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के भगवान वाल्मीकि चौक के पास स्थित सैदा गेट के रिहायशी इलाके में एक सांभर के पहुंचने से हड़कंप मच गया। अचानक सांभर को आबादी के बीच देखकर लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांभर सुबह के समय इलाके में दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों को देखकर वह घबरा गया और इधर-उधर भागने लगा। जान बचाने की कोशिश में सांभर एक दुकान में घुस गया, जिससे वहां मौजूद दुकानदार और ग्राहक सहम गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर परिषद की टीम और वन विभाग को इसकी सूचना दी।
हालांकि, संबंधित टीमों के मौके पर पहुंचने से पहले ही सांभर दुकान से निकलकर बाजारों से होता हुआ आगे की ओर भाग गया और अंततः मोहल्ले के बाहर निकल गया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कुछ देर के लिए पूरे इलाके में भय का माहौल बना रहा।
घटना के दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से सांभर के खड़े होने और भागने के वीडियो रिकॉर्ड कर लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सांभर घबराहट में इधर-उधर दौड़ रहा है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ठंड और धुंध के कारण जंगलों में प्राकृतिक चारे की कमी हो जाती है, जिससे जंगली जानवर रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में घबराएं नहीं, जानवर से दूरी बनाए रखें और तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।


