Punjab

चन्नी ने जाति विवाद के आरोपों को किया खारिज

19.jan..पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने खिलाफ चल रहे कथित जातिगत बयान विवाद को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि वह गुरुओं के उस दर्शन पर चलते हैं जिसमें कहा गया है “मानस की जात सबै एकै पहचानबो”। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी बैठक या मंच से कभी किसी जाति या बिरादरी के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की है।

चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि उनके खिलाफ जानबूझकर भ्रामक और गलत प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मैं चमकौर साहिब की धरती का बेटा हूं। इस पवित्र भूमि से जुड़े व्यक्ति के रूप में मैं किसी भी जाति या वर्ग के खिलाफ बोलने की सोच भी नहीं सकता।” उन्होंने दोहराया कि उनका राजनीतिक और सामाजिक जीवन हमेशा समानता और भाईचारे के मूल्यों पर आधारित रहा है।

चन्नी ने कांग्रेस पार्टी का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़े और जिम्मेदार पद सौंपे, जिन पर रहते हुए उन्होंने आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि चाहे वह मुख्यमंत्री पद रहा हो या संसद सदस्य के रूप में उनकी भूमिका, उन्होंने हमेशा पंजाब, किसानों, खेत मजदूरों और कमजोर वर्गों के मुद्दों को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के विरोध को सहा, लेकिन कभी किसी किसान पर कार्रवाई होने नहीं दी। उनके अनुसार, किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता रही है।

पंजाब को एक “गुलदस्ता” बताते हुए चन्नी ने कहा कि राज्य में सभी वर्गों, समुदायों और विचारधाराओं को साथ लेकर चलने से ही पार्टी मजबूत होगी और भविष्य में सरकार बनाने का रास्ता साफ होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *