Uncategorized

फगवाड़ा–गोराया रोड पर भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौके पर मौत

10,फरवरी पंजाब के फगवाड़ा से गोराया जाने वाले मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार फगवाड़ा से गोराया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक युवकों की पहचान गोराया के नजदीकी गांव मुठड्डा कलां के रहने वाले युवाओं के रूप में बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिस कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह गंभीर दुर्घटना हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *