पंजाब में कानून-व्यवस्था पर भाजपा का हमला
10…jan..चंडीगढ़: पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य की कानून-व्यवस्था और सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब में न केवल कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, बल्कि सरकार भी कहीं नजर नहीं आ रही है। इसी के विरोध में पंजाब भाजपा की कोर कमेटी 16 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी।
सुनील जाखड़ ने कहा कि राज्य में आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में फिरौती, हत्याएं और संगठित अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। “आज पंजाब में किसी की जान सुरक्षित नहीं है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है,” उन्होंने कहा।
ड्रग्स के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए जाखड़ ने कहा कि ड्रग्स खत्म करने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। उनके अनुसार, पंजाब अब ड्रग्स का हब बनता जा रहा है और यहां से दूसरे राज्यों में नशीले पदार्थों की सप्लाई हो रही है। उन्होंने इसे एक अत्यंत संवेदनशील और गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि सरकार की नाकामी के कारण युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों में भी बढ़ोतरी का आरोप लगाया।
दिल्ली की मंत्री आतिशी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि उन्हें अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस आधार के दूसरों पर आरोप लगाना राजनीति के स्तर को गिराता है और इससे बचना चाहिए।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि जब तक राज्य में कानून-व्यवस्था और ड्रग्स जैसे मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।

