Punjab

अमृतसर हत्याकांड पर प्रगट सिंह का हमला, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

5..JAN..अमृतसर में एक शादी समारोह के दौरान सरपंच की हत्या को लेकर जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक प्रगट सिंह ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं और आम लोगों में डर का माहौल है। प्रगट सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब में हर रोज़ 4 से 5 आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें हत्या जैसी गंभीर वारदातें भी शामिल हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

प्रगट सिंह ने कहा कि आज पंजाब में जो माहौल देखने को मिल रहा है, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया। अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस व प्रशासन पूरी तरह विफल नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हुई है और जनता की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।

वहीं डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को मिली 40 दिन की पैरोल को लेकर भी प्रगट सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार राम रहीम के खिलाफ सही तरीके से प्रॉसिक्यूशन नहीं कर रही है, जबकि हरियाणा की भाजपा सरकार उसे बार-बार पैरोल दे रही है। प्रगट सिंह ने आम आदमी पार्टी और भाजपा पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों पार्टियां A और B टीम की तरह काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था और न्याय व्यवस्था के साथ हो रहे इस तरह के खिलवाड़ से जनता का भरोसा टूट रहा है। प्रगट सिंह ने मांग की कि पंजाब सरकार तुरंत सख्त कदम उठाए और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे, ताकि राज्य में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *