news

पंजाब में कोहरे का ‘डबल अटैक’: नए साल पर भी ठंड से कांपे लोग; अगले चार दिन तक नहीं मिलेगी धुंध के राहत

पंजाब में कोहरे का ‘डबल अटैक’: नए साल पर भी ठंड से कांपे लोग;
अगले चार दिन तक नहीं मिलेगी धुंध के राहत

वंदे भारत-कड़ाके की ठंड और घनी धुंध की वजह से कई जिलों में सीवियर कोल्ड डे कंडीशन (गंभीर शीत दिन) बन गई हैं।पंजाब के कई जिलों में पिछले चार दिन से धूप गायब है। सीवियर कोल्ड डे कंडीशन तब बनती है, जब दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम हो जाता है।

पंजाब में कोल्ड डे का कहर

सोमवार को लुधियाना, एसबीएस नगर, गुरदासपुर, मोगा, बरनाला, बठिंडा में सीवियर कोल्ड डे कंडीशन बनी रही। आम बोलचाल की भाषा में सीवियर कोल्ड डे कंडीशन को अत्यधिक ठंडे दिन वाली स्थिति को कहा जाता है। लुधियाना में दिन का तापमान पंजाब में सबसे कम 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एसबीएस नगर में 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इन दोनों जिलों में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आठ डिग्री सेल्सियस से कम रहा तापमान

इन दोनों जिलों में दिन का तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम था, जबकि रात और दिन के तापमान में केवल एक डिग्री सेल्सियस का फर्क रह गया। पीएयू मौसम विभाग के अनुसार 1970 से लेकर 2023 तक कभी भी एक जनवरी को दिन का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया है। ऐसा पहली बार हो रहा है।

हर जिले में लुढ़का पारा

जनवरी के पहले सप्ताह में सामान्य तौर पर दिन का तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 5.7 रहता है। उधर गुरदासपुर, मोगा, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब, बठिंडा में दिन का तापमान दस डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। यहां भी दिन का तापमान सामान्य से छह से सात डिग्री सेल्सियस के बीच कम था।

पंजाब में घनी धुंध का पहरा

दूसरी तरफ मौसम केंद्र चंडीगढ़ के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. एके सिंह ने कहा कि कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे कंडीशन का कारण घनी धुंध है। धुंध से सूरज की धूप जमीन पर पहुंच नहीं पाती। धूप नहीं मिल रही, तो जमीन पर हीट नहीं बन रही। इसके चलते दिन के तापमान में कमी आती है। जब सर्दियों में दिन का तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस कम रहता है, तो कोल्ड डे कंडीशन बनती है।

बारिश की तरह गिर रही ओस

लेकिन जब दिन का तापमान सामान्य से साढ़े छह डिग्री सेल्सियस कम रहे और रात का तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे हो तो सीवियर कोल्ड डे कहते हैं। इस समय पंजाब के कुछ जिलों में कोल्ड डे और कई जिलों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते ही बहुत सी जगहों पर ओस बारिश की तरह गिर रही है और लोगों का ठिठुरन महसूस हो रही है। अभी शीतलहर नहीं चल रही।

अगले चार दिन तक पड़ेगी घनी धुंध

शीतलहर की स्थिति तब बनती है, जब न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए। डॉ. सिंह के अनुसार पंजाब में पांच जनवरी तक घनी से अत्यधिक घनी धुंध रहने की संभावना है। धूप निकलने की संभावना कम है। इसके चलते कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे कंडीशन आगे भी रहेगी। इसकी वजह से दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे धुंध में कमी आनी शुरू हो जाएगी।

सन शाइन ऑवर हो रहा दर्ज

उधर पीएयू के मौसम विभाग की हेड डॉ. पवनीत किंगरा ने कहा कि पिछले तीन दिनों से धूप न निकलने से सन शाइन ऑवर यानी सूरजी घंटे जीरो रिकार्ड हो रहे हैं। अगर 15 से 20 दिन धूप नहीं निकलती है, तो इससे फसलों को नुकसान हो सकता है। अभी धूप के अभाव में फसलों को नुकसान की संभावना नहीं है बल्कि कड़ाके की ठंड गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद हैं।