news

मोहाली में दो युवकों की बेरहमी से हत्या, शव रेलवे ट्रैक पर फेंके, हादसा दिखाने की कोशिश

मोहाली में दो युवकों की बेरहमी से हत्या,
शव रेलवे ट्रैक पर फेंके, हादसा दिखाने की कोशिश

वंदे भारत- पंजाब के मोहाली जिले में रेलवे ट्रैक पर सोमवार को दो युवकों के अधकटे शव मिले। मामला गांव चिल्ला के पास का है। पहले इसे रेल हादसा समझा जा रहा था लेकिन जीआरपी की जांच में सामने आया कि यह हादसा नहीं बल्कि दोनों युवकों की हत्या की गई थी। बाद में इसे हादसा दिखाने की खातिर शवों को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया। ट्रेन गुजरने से दोनों शव दो हिस्सों में बंट गए। शवों की पहचान नहीं हो पाई है। सुबह किसी राहगीर ने दोनों के शव नग्न हालत में रेलवे ट्रैक पर पड़े देखे। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन से सूचना दी। जीआरपी को इसकी सूचना सुबह सवा छह बजे लगी। सोहना थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि मामले की जांच जीआरपी कर रही है।

जीआरपी में तैनात जांच अधिकारी रत्न लाल ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फेज-6 की मोर्चरी में रखवाया दिया गया है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या, शव को ठिकाने लगाने और समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्यारों की तलाश में जीआरपी जुट गई है। सोहना थाने से भी मदद मांगी गई है।

दोनों युवक प्रवासी, एक के हाथ पर महाकाल का टैटू

डीएसपी हरसिमरन बल ने बताया कि शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। देखने में दोनों युवक प्रवासी लगते हैं। इनकी उम्र 25 से 30 साल के मध्य लग रही है। एक युवक के हाथ पर महाकाल का टैटू बना है जबकि दूसरे युवक के हाथ पर इंग्लिश में एमए लिखा है। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त भी करवाई लेकिन किसी ने नहीं पहचाना। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने सड़क पर पड़े खून के सैंपल भी लिए हैं। वहीं पुलिस को मौके पर टूटा मोबाइल भी मिला है। सबूत मिटाने के लिए उसका मदरबोर्ड भी तोड़ दिया है।

गला रेतकर की गई है हत्या

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या गला रेतकर की गई है। दोनों के चेहरे पर धारदार हथियार से वार किया गया है। दोनों के मुंह पर चार से पांच घाव हैं। पुलिस के अनुसार यह पैशन क्राइम है। पुलिस ने बताया कि ऐसी हत्या अवैध संबंध, दुष्कर्म, डकैती जैसे मामलों में की जाती है। इस मामले में हत्या, लाश को खुर्द-बुर्द करने की धाराओं के तहत अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर लिया गया है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। हत्या किसी और जगह की गई और बाद में शवों को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया ताकि यह रेल हादसा लगे। – रत्न लाल, जांच अधिकारी जीआरपी।