लुधियाना में ज्वेलर्स शॉप से गन पॉइंट पर लूट , ग्राहक बनकर आए बाइक सवार तीन बदमाश सोने की अंगूठी लेकर फरार
लुधियाना में ज्वेलर्स शॉप से गन पॉइंट पर लूट ,
ग्राहक बनकर आए बाइक सवार तीन बदमाश सोने की अंगूठी लेकर फरार
वंदे भारत- (महिमा ठाकुर) पंजाब के लुधियाना में जमालपुर के नजदीक लेबर कॉलोनी में आज सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुनार की दुकान पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान पर ग्राहक बनाकर आए। दो लुटेरे पहले दुकान के बाहर खड़े रहे। एक बदमाश ने दुकान के अंदर आकर दुकानदार से सोने की अंगूठी दिखाने के लिए कहा। उसने उसे अंगूठी दिखाई, जिसकी कीमत करीब 14 हजार थी। इतने में बदमाश कड़ा मांगने लगा। उसने कड़ा भी पहन लिया।

अंगूठी हाथ में पकड़ते ही लुटेरों ने तुरंत पिस्तौल दुकानदार पर तान दी। बाहर खड़ा उसका एक साथी भी अंदर घुसा और हाथापाई करने लगे। दिलेरी दिखाते हुए दुकानदार ने भी बदमाशों का मुकाबला किया। हाथापाई के दौरान दुकान में पड़े डंडे से उसने लुटेरों पर वार किया। शोर-शराबा मचने के बाद बदमाश मौके से सोने की अंगूठी और कड़ा लेकर बाइक से फरार हो गए।
मुना ज्वेलर के नाम से है दुकान
जानकारी के मुताबिक लेबर कॉलोनी में मुना ज्वेलर की दुकान है। दुकानदार मुना ने कहा कि वह दुकान पर बैठा था। तभी बाइक पर दो बदमाश आए, जिन्होंने उसे अंगूठी दिखाने के लिए कहा। अंगूठी देखने के तुरंत बाद उन लोगों ने पिस्तौल उस पर तान दी। उसे जान से मारने की बदमाश धमकियां देने लगे। उसने बदमाशों का मुकाबला किया और उन पर डंडे से हमला कर खदेड़ा।

फायर करने के दौरान गिरी गोली
भागते हुए बदमाश फायरिंग करने लगे, लेकिन अचानक पिस्तौल से निकल कर गोली जमीन पर गिर गई। भागते हुए बदमाशों के बाइक की नंबर प्लेट भी पुलिस के हाथ लगी है। थाना मोती नगर की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया है।
बोले ACP जसविंदर सिंह खैरा..
ACP जसविंदर सिंह खैरा ने कहा कि तीन बदमाश वारदात को अंजाम देने के लिए आए है। फिलहाल पुलिस की टीमें बदमाशों को लोकेट करने में जुट गई है। दुकानदार से पुलिस बदमाशों का हुलिया पूछ रही है। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रहे है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

