news

आंदोलन के बीच शंभू बॉर्डर पर बुजुर्ग किसान ने तोड़ा दम, जानें कैसे चली गई जान

आंदोलन के बीच शंभू बॉर्डर पर बुजुर्ग किसान ने तोड़ा दम
जानें कैसे चली गई जान

वंदे भारत- ( सुरभि शर्मा ) किसान आंदोलन के बीच हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर एक 70 साल के किसान की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक हार्ट अटैक के चलते 70 साल के किसान की जान चली गई। बता दें कि हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर ही किसानों को रोक दिया था। यहीं किसानों ने डेरा डाल रखा है। किसानों ने बताया कि हार्ट अटैक के बाद किसान को राजपुरा अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी के मुताबिक राजपुरा अस्पताल से किसान को पटियाला के गवर्नमेंट राजिंदर हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया था। किसानों को इमर्जेंसी में भर्ती किया गया। हालांकि आधे घंटे के इलाज के बाद ही किसान की मौत हो गई। अस्पताल ने बताया, बुजुर्ग किसान को बड़ा हार्ट अटैक आया था। जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो हालत गंभीर थी। सुबह 6 बजे के आसपास किसान की मौत हुई। किसान की पहचान गुरदासपुर के ग्यान सिंह के रूप में हुई है।

किसान संगठनों ने आज बंद का आह्लान किया है जिसका मिला-जुला असर पूरे देश में देखने को मिल रहा है। वहीं किसानों ने शंभू बॉर्डर पर डेरा डाल रखा है। गुरुवार देर रात तक किसानों और सरकार के बीच मैराथन बैठक चली। इस में सकारात्मक रुख नजर आया हालांकि कई मागों पर अभी सहमति नहीं बनी है। ऐसे में किसान पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। किसानों का कहना है कि रविवार तक वे शंभू बॉर्डर पर ही रुके रहेंगे।

दरअसल रविवार को सरकार और किसानों के बीच चौथे चरण की बैठक होनी है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बैठक में कोई समाधान निकलेगा। वहीं हरियाणा और पंजाब की सीमा को सील कर दिया गया है। राजधानी दिल्ली के भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।