टीम इंडिया ने जीता रांची टेस्ट, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज पर जमाया कब्जा, 10 सालों में दूसरी बार हुआ ऐसा
वंदे भारत-(हर्ष शर्मा) भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 3-1 की बढ़त बना ली है. मतलब, 5 टेस्ट मैच की सीरीज पर कब्जा जमा लिया है. भारतीय टीम ने रांची में सीरीज का चौथा टेस्ट जीतते हुए सीरीज फतेह की स्क्रिप्ट लिखी . टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हराते हुए रांची टेस्ट जीत लिया है. और, ध्यान दीजिएगा, यहां भी रोहित एंड कंपनी ने अपनी जीत की कहानी चौथे दिन ही लिखी है. भारत ने रांची टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया. इंग्लैंड ने भारत के सामने 192 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने हासिल किया. ये 5 टेस्ट मैच की सीरीज में भारत की लगातार तीसरी जीत है. इन तीन लगातार जीतों के साथ उसने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त भी ले ली है. मतलब कि सीरीज पर कब्जा जमा लिया है.

रांची टेस्ट में भारत की जीत की राह मुमकिन नहीं रहने वाली थी अगर शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल ने मुश्किल वक्त में विकेट पर खूंटा नहीं गाड़ा होता. दोनों ने मुश्किल वक्त में गजब का संयम दिखाया और अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम को जीत दिला दी. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए नाबाद अर्धशतकीय साझेदारी हुई. दूसरी पारी में ध्रुव जुरेल 39 रन जबकि गिल 52 रन बनाकर नाबाद रहे. इन दोनों के अलावा कप्तान रोहित शर्मा के 55 रनों का भी जीत में भरपूर योगदान रहा
10 सालों में दूसरी बार हुआ ऐसा
भारत ने रांची टेस्ट जीतकर वो भी कर दिखाया, जो साल 2013 के बाद सिर्फ दूसरी बार देखने को मिला है. ये दूसरी बार है जब भारत ने टेस्ट क्रिकेट में 150 प्लस स्कोर का सफल चेज 2013 के बाद किया है. भारत ने रांची में इंग्लैंड को हराकर घरेलू जमीन पर लगातार 17वीं टेस्ट जीत दर्ज की है, जो कि उसने 2013 से 2014 के बीच दर्ज की है.

