news

पुरानी रंजिश के चलते चली गोलियां, युवक गंभीर रूप से घायल

वंदे भारत- विजय और शिवा गैंग के बीच पुरानी रंजिश, दोनों गैंग कई बार जान से मारने के इरादे से आपस में भिड़ चुके हैंसंवाद न्यूज एजेंसी

जालंधर। जालंधर देहात के कस्बा फिल्लौर में पुरानी रंजिश में कहासुनी के बाद दो गुटों में हुई गैंगवार में सरेआम गोलियां चलने से अफरातफरी मच गई।

इस गोलीबारी में विजय गैंग का एक शातिर संजू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे की है जब शिवा मोटरसाइकिल से घर से कहीं जा रहा था, तभी विजय और उसके साथी दो मोटरसाइकिलों पर उसके पास आकर रुके। पहले उनमें किसी बात को लेकर बहस हुई और बाद में नौबत हथियार निकालने तक की आ गई। जैसे ही विजय उसके साथियों ने अपनी पिस्तौल बाहर निकाली तो जवाब में शिवा ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। शिवा द्वारा चलाई गई गोली विजय के साथी संजू को लगी जो वहीं पर जख्मी होकर गिर गया।

संजू को इलाज के लिए पहले स्थानीय सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे जालंधर रेफर कर दिया। पुलिस सूत्रों की माने तो विजय गैंग और शिवा गैंग के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। दोनों गैंग कई बार एक-दूसरे को जान से मारने के इरादे से आपस में भिड़ चुके हैं। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां खड़ी दो मोटरसाइकिल और कुछ अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों गैंग के लोग शिवा और विजय सभी फरार बताए जा रहे हैं। थाना फिल्लौर के प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया इस घटना में जितने भी लोग संलिप्त पाए गए उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार आरोपियों की पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।