बागी MLAs से मुलाकात, फिर दिल्ली रवाना… विक्रमादित्य डैमेज कंट्रोल में लगे आलाकमान को देंगे झटका?
वंदे भारत-(हर्ष शर्मा) राज्यसभा चुनाव के बाद से हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के अंदर की रार अभी खत्म नहीं हुई है। कांग्रेस में अंदरखाने उठते तूफान में सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार गिरने का खतरा बना हुआ है।विक्रमादित्य सिंह और उनकी मां प्रतिभा सिंह के बागी तेवरों ने हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार पर संकट की संभावनाओं को और बढ़ा दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि अभी विक्रमादित्य अपनी गुटबंदी में जुट गए हैं। वो इसलिए कि उन्होंने देर रात चंडीगढ़ में ठहरे कांग्रेस के बागी विधायकों से मुलाकात की है और उसके बाद दिल्ली पहुंच गए हैं।
सबसे अहम ये कि विक्रमादित्य की ये भाग दौड़ ऐसे वक्त में हो रही है, जब कांग्रेस आलाकमान डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश में लगा है। विक्रमादित्य सिंह ने बीते दिन खुद कहा- ‘पर्यवेक्षक यहां आए हैं और चीजें ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं। हम उनसे फिर बात करेंगे कि कैसे चीजों को ठीक करना है। हिमाचल देवभूमि है और हम प्रभु राम का भी आशीर्वाद लेकर आए हैं
चंडीगढ़ में बागी विधायकों से मिले विक्रमादित्य
हालांकि सूत्र बता रहे हैं कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य देर रात चंडीगढ़ पहुंचे थे। राज्यसभा चुनाव के वक्त कांग्रेस से बगावत करने वाले 6 विधायक इस समय चंडीगढ़ में बताए जाते हैं। सूत्रों ने बताया कि विक्रमादित्य ने होटल में बागी विधायकों से चर्चा की है। सूत्र ये भी बता रहे हैं कि 6 में से दो बागी विधायकों ने विक्रमादित्य से मुलाकात नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक, अभी विक्रमादित्य चंडीगढ़ में विधायकों से मिलने के बाद दिल्ली पहुंच गए हैं।

