सांसद रवनीत सिंह बिट्टू का बड़ा एलान, पांच मार्च को देंगे अपनी गिरफ्तारी
वंदे भारत-(हर्ष शर्मा) लधियाना नगर निगम मुख्यालय पर ताला लगाने पर दर्ज केस के बाद सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब कांग्रेस के वर्किंग प्रधान और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, जिला कांग्रेस प्रधान संजय तलवाड़ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सलाह लिया।
इसके बाद उन्होंने एलान किया कि पांच मार्च को पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंच कर वह गिरफ्तारी देंगे। इस एलान से पहले मीटिंग में हंगामा हो गया। पूर्व मंत्री और पंजाब कांग्रेस के वर्किंग प्रधान भारत भूषण आशु कार्यकर्ताओं पर अनुशासन को लेकर भड़क गए।
उन्होंने जहां बातों-बातों में सांसद रवनीत सिंह बिट्टू समेत अन्य नेताओं को सुना डाली, वहीं उन्होंने कार्यकर्ताओं को भी फटकार लगाई। आशु ने कहा कि कोई फोटो खिंचवाने से नेता नहीं बनता बल्कि लोगों के बीच जाकर नेता बना जाता है। इसके बाद वह मीटिंग बीच में ही छोड़कर चले गए। मीटिंग में मीडिया को बुलाने पर भी आशु और बिट्टू के बीच तकरार हो गई।
नगर निगम मुख्यालय पर ताला लगाने पर सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, पूर्व विधायक और जिला प्रधान संजय तलवाड़ समेत कई नेताओं पर मामला दर्ज किया गया है। मीटिंग में फैसला लिया गया कि सरकार के आगे कोई कांग्रेसी नहीं झुकेगा। अगर सरकार ने मामला दर्ज कर ही दिया है तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
आप नेता राघव चड्ढा की असलियत उन्होंने जनता के आगे रखी है। इसी कारण सरकार उन पर मामला दर्ज कर रही है। मंगलवार पांच मार्च को 12 बजे वह पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंच कर गिरफ्तारी देंगे। इसके बाद फिर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तारी देंगे।

