Yuvraj Singh ने लोकसभा चुनाव लड़ने की खबरों पर तोड़ी चुप्पी, कहा-वो गुरदासपुर सीट से चुनाव…
वंदे भारत-(हर्ष शर्मा) भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने पर अपनी सफाई पेश की है। युवराज सिंह ने मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज करते हुए कहा कि वो गुरदासपुर सीट से चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।युवराज सिंह ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिये स्पष्ट किया कि राजनीति में आने का उनका कोई इरादा नहीं है और वो अपनी फाउंडेशन यू वी केन के जरिये सामाजिक कल्याण का काम जारी रखेंगे।युवराज सिंह ने एक्स हैंडल पर ट्वीट किया, ”मीडिया रिपोर्ट्स के उलट, मैं गुरदासपुर से चुनाव नहीं लड़ रहा हूं। मेरा जुनून विभिन्न क्षमता में लोगों की मदद और समर्थन करने में है और मैं इसे अपनी फाउंडेशन यूवीकेन के जरिये जारी रखूंगा। अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के साथ मिलकर बदलाव लाना जारी रखें।
सनी देओल का बताया विकल्प
मीडिया जगत में खबर फैली कि युवराज सिंह को भाजपा ने गुरदासपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए चुना। युवराज सिंह वहां सनी देओल को रिप्लेस करते, जो इस सीट से मौजूदा सांसद हैं। यह खबरें तब उठी जब युवराज सिंह ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी
भारत के वर्ल्ड कप हीरो
युवराज सिंह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े नामों में से एक हैं। युवराज सिंह को 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वर्ल्ड कप का हीरो माना जाता है। 2007 टी20 वर्ल्ड कप में स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में लगातार छह छक्के शायद ही कोई फैन भूल सकेगा। वहीं, 2011 वर्ल्ड कप में युवराज सिंह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे।युवराज सिंह ने कैंसर से लड़ाई की और फिर क्रिकेट के मैदान पर वापसी की। इस तरह वो लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने। युवराज सिंह ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया। युवी अब रोड सेफ्टी क्रिकेट लीग में क्रिकेट एक्शन में नजर आते हैं। मैदान के बाहर वो अपनी फाउंडेशन यू वी केन के साथ सामाजिक कार्य करने में जुटे हुए हैं

