पंजाब में जहरीली शराब से 4 लोगों की मौत
वंदे भारत(हर्ष शर्मा) पंजाब के संगरूर में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई। गुज्जरां गांव में चारों ने मंगलवार रात को एक साथ शराब का सेवन किया था। बुधवार सुबह वह नींद से नहीं जागे। दिड़बा पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिए हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले किए जाएंगे। मृतकों की पहचान भोला सिंह (50), निर्मल सिंह (42), प्रीत सिंह (42) और जगजीत सिंह (30) के रूप में हुई है।
दिड़बा थाना पुलिस के अनुसार, रात के समय चारों शराब पीकर सोए थे। सुबह जब वह नहीं जागे तो परिवार के लोगों ने उन्हें उठाने की कोशिश की। बेसुध देखकर परिवार के लोग चारों को डॉक्टर के पास ले गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, चारों ने गांव में बिकने वाली शराब ही पी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से पूरा प्रशासन अलर्ट हो गया है।

