news

मूसेवाला की 58 वर्षीय मां ने कैसे दिया बच्चे को जन्म? केंद्र ने मांगा जवाब

वंदे भारत(हर्ष शर्मा)   दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर ने 58 साल की उम्र में पिछले दिनों एक बेटे को जन्म दिया है| यह खबर कई लोगों के लिए हैरान करने वाली थी| दरअसल मूसेवाला की मां आईवीएफ तकनीक से गर्भवती हुईं थी|हालांकि अब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने पंजाब सरकार से आईवीएफ तकनीक से जन्म लेने वाले शिशुओं पर कानून को लेकर रिपोर्ट मांगी है|

वंदे भारत की रिपोर्ट के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय ने पंजाब सरकार को भेजी चिट्ठी में कहा, ‘सहायक प्रजनन प्रौद्योगिकी (विनियमन) अधिनियम-2021 की धारा 21 (जी) के तहत, एआरटी सेवाओं के तहत जाने वाली महिला के लिए निर्धारित आयु सीमा 21-50 वर्ष के बीच है. इसलिए, आपसे अनुरोध है कि आप इस मामले को देखें और एआरटी (विनियमन) अधिनियम, 2021 के अनुसार इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट विभाग को सौंपें.’

गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू था|उनकी हत्या के करीब 2 साल बाद उनकी मां चरण कौर ने 18 मार्च को एक बच्चे को जन्म दिया है|मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह द्वारा रविवार को इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए वीडियो में डॉक्टर बच्चे का दुनिया में स्वागत करते दिख रहे हैं. उन्हें डॉक्टरों की टीम के साथ केक काटते भी देखा गया|उन्होंने इंस्टाग्राम पर नवजात बच्चे की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘शुभदीप (सिद्धू मूसेवाला) के लाखों-करोड़ों फॉलोअर्स और फैंस की शुभकामनाओं की बदौलत भगवान ने शुभ के छोटे भाई को हमारी गोद में भेजा है। भगवान के आशीर्वाद से मेरी पत्नी का स्वास्थ्य ठीक है और हम दोनों अपने शुभचिंतकों के आभारी हैं.’