exclusive

बीजेपी के लिए सिरदर्द बना पूर्व MLA शीतल अंगुराल, सामने आए ड्रग माफिया से कनेक्शन

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक शीतल अंगुराल का ड्रग तस्कर मनी ठाकुर के साथ संपर्क होने का एक मामला सामने आया है। दोनों की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिससे चर्चा का बाजार गर्म हो गया है।

जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने हाल ही में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया था, जो करियर सेवाओं के माध्यम से विभिन्न देशों में अफीम की आपूर्ति करता था। इस रैकेट के मास्टरमाइंड की पहचान जालंधर के युवक मनीष उर्फ मनी ठाकुर के रूप में हुई है जो यूके में रहता है।

सूत्रों का कहना है कि शीतल ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा पर अपने दोस्त मनी के खिलाफ आरोप वापस लेने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की थी।

हालांकि, जब शीर्ष अधिकारी ने उनकी बात सुनने से इन्कार कर दिया, तो अंगुराल ने मामले में हस्तक्षेप करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से संपर्क किया।

लेकिन मुख्यमंत्री ने अंगुराल को फटकार लगाई और उन्हें नशा तस्करों और उनसे सहानुभूति रखने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की जानकारी दी। उच्चस्त्रीय सूत्रों ने बताया कि इस बात से नाराज होकर अंगुराल ने ‘आप’ को अलविदा कह दिया है और बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही शीतल अंगुराल और मनी ठाकुर की तस्वीरें भगवा पार्टी के लिए बड़ी शर्मिंदगी पैदा कर रही हैं। सूत्रों ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अपनाए जाने वाले रुख को लेकर असमंजस में है, क्योंकि यह आगामी लोकसभा चुनाव में एक बड़ा मुद्दा बन सकता है। हालांकि शीतल का इस पर अभी कोई बयान नहीं आया है।