newsPolitical

पंजाब की एक महिला IAS देंगी इस्तीफा, BJP में शामिल होकर चुनाव लड़ने की चर्चा

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) पंजाब की दो महिला आईएएस अफसर इन दिनों चर्चा में हैं। इनमें से एक इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकती हैं। पंजाब सरकार के कार्मिक विभाग के सूत्रों ने इस बात की पुष्टि तो अवश्य की है कि उनके इस्तीफा देने की चर्चा है लेकिन आज शाम तक यह इस्तीफा विभाग के पास पहुंचा नहीं था।यह महिला आईएएस अधिकारी जो एक सीनियर अकाली नेता की रिश्तेदार हैं पिछले सात सालों से खुड्डे लाइन पोस्ट पर हैं।

कांग्रेस सरकार ने इनको पूरे पांच साल अहम पद पर नहीं लगाया और न ही आम आदमी पार्टी की सरकार ने ऐसा किया है। अब क्षुब्द होकर उनका आईएएस शिप से इस्तीफा देकर राजनीति में कूदने का विचार है और उनके भाजपा में शामिल होकर चुनाव लड़ने की भी चर्चा है।

बीजेपी से लड़ सकती हैं चुनाव

दरअसल, जिन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के पास बड़े चेहरे नहीं हैं। वहां पर पार्टी दूसरी पार्टियों, ब्यूरोक्रेट्स आदि को शामिल करके उन्हें चुनाव मैदान में उतारना चाहती है। ब्यूरोक्रेट के रूप में तरणजीत सिंह संधू इसकी बड़ी उदाहरण हैं जिन्हें अमृतसर सीट से उतार दिया गया है। संधू, अमेरिका में भारत के राजदूत रहे हैं और हाल ही में रिटायर होकर पंजाब लौटे हैं।

मालवा की अहम सीट से एक और IAS के चुनाव लड़ने की चर्चा

अब एक और आईएएस अफसर के इस्तीफा देकर मालवा की एक अहम सीट पर लड़ने की चर्चा है। एक दो दिनों में इस पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। सत्ता के गलियारे में उनके इस्तीफा देने की काफी चर्चा थी और कहा जा रहा था कि वह आज ही इस्तीफा दे देंगी लेकिन शाम तक ऐसा नहीं हुआ।
उधर, यूटी चंडीगढ़ में प्रतिनियुक्ति पर गईं आनंदिता मित्रा ने भी एक और साल यूटी में रहने के लिए एक्सटेंशन की मांग की है और यह फाइल मुख्यमंत्री के पास मंजूरी के लिए भेजी गई है। इस फाइल पर आज या कल में हस्ताक्षर हो जाएंगे। आनंदिता मित्रा अगस्त 2021 में यूटी चंडीगढ़ में प्रतिनियुक्ति पर गई थीं और वह इस समय चंडीगढ़ नगर निगम में कमिश्नर के पद पर तैनात हैं।