पैराग्लाडिंग के दौरान फिर हादसा, महिला की मौत, विंग कमांडर पति संग आई थी रितु

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) हिमाचल प्रदेश में एडवेंटर टूरिज्म के दौरान लोगों की लगातार मौतें हो रही हैं। कुल्लू के बाद अब हिमाचल की प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ बिलिंग में हादसा हुआ है। हादसे में यूपी की महिला पायलट की मौत हुई है।फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज किया है और हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कांगड़ा की विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ से उड़ान भरने वाली महिला पायलट की पैराग्लाइडिंग करते समय गिरने से मौत हो गई। महिला पायलट रितु चोपड़ा पत्नी आशुतोष चोपड़ा, निवासी जी-34, सेक्टर 25 नोएडा (उत्तर प्रदेश), की रहने वाली थीं।उनके पति आशुतोष भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर के हैं।
बताया जा रहा है कि यह दंपति पिछले छह साल से बीड़ आकर पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाते रहे हैं। दो दिन पूर्व ही वे बैजनाथ के बीड़ पहुंचे थे। इस दौरान रविवार को पति और पत्नी ने अलग-अलग पैराग्लाइडर से बीड़ से उड़ान भरी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही महिला ने पैराग्लाइडर से नियंत्रण खो दिया और वह संसाल नामक गांव के साथ लगती पहाड़ी पर आ गिरीं। महिला को गिरते हुए पति ने देख लिया। उन्होंने तुरंत लैंडिंग कर बैजनाथ पुलिस, स्थानीय प्रशासन और भारतीय वायुसेना के अपने सहयोगियों को सूचना दी।थोड़ी ही देर में वायुसेना का हेलिकाप्टर वहां पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान महिला को पहाड़ी से निकाल लिया गया और बैजनाथ अस्पताल ले गए।
लगातार हो रहे हादसे
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू सहित कई स्थानों पर पर पैराग्लाइडिंग होती है। इससे पहले, 11 फरवरी को कुल्लू की डोभी पैराग्लाइडिंग साइट पर भी हादसा हुआ था।यहां पर उड़ान के दौरान महिला की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई थी।महिला की उड़ान के दौरान रस्सी खुल गई थी और वह एक घर की छत पर जा गिरी थी। 26 साल की यह महिला टूरिस्ट पति के साथ घूमने के लिए आई थी।
