छह माह की बच्ची को गोद में लेकर मां ने लगा ली आग, दोनों की मौत

वंदे भारत(काजल) मुस्करा थाना क्षेत्र के पहाड़ी डेरा गांव में सोमवार सुबह 28 वर्षीय महिला ने छह माह की दुधमुंही बच्ची के साथ खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीर हालत में दोनों को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया, जहां दोनों की मौत हो गई।
घटना के बाद से पति फरार है, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई उरई में हो रही है।
पहाड़ी डेरा गांव निवासी उत्तम की पत्नी किरन ने सुबह 7.30 बजे छह की बच्ची आराध्या को गोद में लेकर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। दोनों धू धूकर जलने लगे। पति उत्तम घर पर ही था जो फरार हो गया। पड़ोसियों की मदद से मां-बेटी को सीएचसी मुस्करा लाया गया। जहां से दोनों को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
सीएचसी की चिकित्सक डॉ.मनुलिका वर्मा ने बताया कि मां-बेटी 80 फीसदी जली अवस्था में लाई गई थीं। उरई मेडिकल कॉलेज में ही दोनों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की सूचना पर किरन की मां सुखवती भी पहुंच गई। मां ने बताया कि मायके से दो दिन पहले ही किरन आई है। सोमवार को ही नातिन का मुंडन मंदिर में कराने जाना था।
उत्तम की शादी चार साल पहले महोबा गौहरारी गांव निवासी भगवान सिंह राजपूत की पुत्री किरन के साथ हुई थी। इस मामले में पुलिस इंस्पेक्टर शशि पांडे ने बताया कि फिलहाल अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

